ग्वालियर। उपनगर स्थित नवनिर्मित तानसेन पुल के आरओबी पर शनिवार को अचानक करंट दौड़ने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान पुल से गुजर रहे एक युवक की बाइक करंट की चपेट में आ गई, जिससे बाइक का टायर जल गया। समय रहते लोगों ने सतर्कता बरती, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पुल पर फैल रहे करंट को बंद कराने की कार्रवाई शुरू की।
घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे का अमला भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल करंट फैलने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी की वजह सामने आने के बाद आवश्यक सुधार कार्य कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
