सैन्य अभ्यास ‘सिनबैक्स’ में रण कौशल के गुर साझा कर रहे हैं भारत और कंबोडिया के सैनिक

नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) भारत और कंबोडिया के सैनिक इन दिनों द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘सिनबैक्स’ के दूसरे आयोजन में कंबोडिया के कम्पोंग स्प्यू प्रांत स्थित वायुसेना प्रशिक्षण केंद्र, कैंप बेसिल में एक दूसरे के साथ रण कौशल के गुर साझा कर रहे हैं।

सेना ने सोमवार को बताया कि चार मई से शुरू हुआ यह अभ्यास 17 मई को संपन्न होगा। अभ्यास में भारत के 120 जवानों का दल जिसमें अधिकांश मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट की एक बटालियन से हैं तथा रॉयल कंबोडियन सेना के 160 सैनिक भाग ले रहे हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच अंतर संचालन क्षमता, समन्वय और परिचालन तालमेल को बढ़ाना है।

यह संयुक्त अभ्यास संयुक्त राष्ट्र के नियमों के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण आतंकवाद-रोधी और शांति स्थापना अभियानों की समकालीन आवश्यकताओं के अनुरूप है, जिसमें दोनों देशों के सैनिक कमांड पोस्ट अभ्यास, क्षेत्रीय प्रशिक्षण अभ्यास तथा विशेष कौशल आधारित प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं की साझा समझ विकसित करना तथा शत्रुओं के विरुद्ध अभियानों से प्राप्त सर्वोत्तम अनुभवों और परिचालन विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करना है। अभ्यास में दोनों देशों के सैनिक फायरिंग, सामरिक ड्रोन उपयोग, शहरी अभियान, मोर्टार अभ्यास, स्नाइपर प्रशिक्षण, युद्धक्षेत्र प्राथमिक उपचार तथा आपदा राहत अभियानों के व्यावहारिक अभ्यास कर रहे हैं। अभ्यास में नई पीढ़ी के हथियारों और उपकरणों, जिनमें ड्रोन और मानवरहित हवाई प्रणालियाँ शामिल हैं, से परिचय भी कराया जा रहा है, जिससे दोनों दल जटिल अर्ध-शहरी परिस्थितियों में अपनी परिचालन प्रतिक्रिया क्षमता को और सुदृढ़ कर सकें। स्नाइपर रणनीति, मोर्टार संचालन, ड्रोन युद्धकला और युद्धक्षेत्र में घायल सैनिकों के प्रबंधन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी युद्धक्षेत्र समन्वय और मिशन तत्परता को मजबूत बना रहा है।

यह अभ्यास भारत और कंबोडिया के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का भी प्रतीक है जिससे द्विपक्षीय सैन्य संबंध और मजबूत बनेंगे, पारस्परिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा, सांस्कृतिक समझ बढेगी तथा क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए साझा तैयारी मजबूत होगी।

 

Next Post

भारत-श्रीलंका के संबंध सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जुड़ाव पर आधारित: बिरला

Mon May 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को कहा कि भारत और श्रीलंका के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध हैं, जो आज भी दोनों देशों की मित्रता की मजबूत नींव बने हुए हैं। श्री बिरला ने संसद भवन में आज श्रीलंका के ‘महिला […]

You May Like