आंगनबाड़ी केंद्रों पर छापा, दो कार्यकर्ताओं पर गिरी गाज!

विजयपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं में मनमानी और सरकारी निर्देशों की अनदेखी पर बाल विकास परियोजना अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए यहां कई आंगनबाड़ी केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने तीन दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा है। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर मानदेय कटौती से लेकर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र मोहनपुर बंद मिला। कार्यकर्ता अंगूरी धाकड़ बिना किसी पूर्व सूचना और सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनुपस्थित पाई गईं। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले भी सेक्टर पर्यवेक्षक के निरीक्षण में उनकी अनुपस्थिति सामने आ चुकी थी। मौखिक हिदायतों के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्यकर्ता को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र चकबड़ौदा में केंद्र तो खुला मिला, लेकिन व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं। कार्यकर्ता शशि धाकड़ निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं थीं। इतना ही नहीं, समूह द्वारा वितरित भोजन का निर्धारित सैंपल भी केंद्र पर उपलब्ध नहीं मिला। खाद्य सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण नियम की अनदेखी को विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है। इसके अलावा कार्यकर्ता के आंगनबाड़ी मुख्यालय पर निवास नहीं करने की बात भी निरीक्षण में सामने आई।

परियोजना अधिकारी ने दोनों कार्यकर्ताओं की लापरवाही को शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर उदासीनता और अनुशासनहीनता मानते हुए अंतिम अवसर दिया है। नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर लिखित एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार मानदेय कटौती, एकपक्षीय कार्रवाई तथा सेवा से पृथक करने का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। इस संबंध में सेक्टर पर्यवेक्षक कविता जाटव को दोनों नोटिस तामील कराकर उनकी पावती कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Post

भोजपुरी फिल्म 'डेजर बहुरिया' का फर्स्ट लुक जारी, संजना पांडेय के दबंग अंदाज ने खींचा ध्यान

Thu Nov 12 , 2026
मुंबई, 12 नवंबर (वार्ता) भोजपुरी सिनेमा में एक अलग अंदाज की पारिवारिक मनोरंजक फिल्म ‘डेजर बहुरिया’ का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। एडवाइज मूवीज प्रस्तुत इस फिल्म के पोस्टर में अभिनेत्री संजना पांडेय के दबंग और आक्रामक अंदाज ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। फिल्म के फर्स्ट […]

You May Like