भारत पेट्रोलियम को पहली तिमाही में 5,305 करोड़ रुपये का कर पूर्व नुकसान

मुंबई, 22 जुलाई (वार्ता) सार्वजनिक तेल विपणन कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकल आधार पर 5,305 करोड़ रुपये का कर पूर्व नुकसान हुआ है।

कंपनी के निदेशकमंडल ने बुधवार को वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की। इसमें बताया गया है कि 1,343 करोड़ रुपये की कर अदायगी टाल देने से उसका शुद्ध नुकसान 3,962 करोड़ रुपये रह गया है।

तिमाही के दौरान कंपनी का कुल राजस्व सालाना आधार पर 23 फीसदी बढ़कर 1,60,733 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि व्यय इससे कहीं अधिक तेजी से बढ़कर 1,66,038 करोड़ रुपये हो गया। कुल व्यय में 36 फीसदी की वृद्धि देखी गयी।

कंपनी के बैलेंसशीट के अनुसार, कच्चे माल की लागत एक साल पहले के 53,686 करोड़ रुपये की तुलना में 90,588 करोड़ रुपये हो गया। अन्य जरूरी सामान की खरीद पर खर्च 40783 करोड़ रुपये से बढ़कर 65,348 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। तैयार माल के भंडार के मूल्य में बदलाव के कारण कंपनी को 8,368 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। वहीं, केंद्र सरकार के उत्पाद शुल्क घटाने से इस मद में कंपनी का व्यय 17,063 करोड़ रुपये से घटकर 8,250 करोड़ रुपये रह गया।

कंपनी ने बताया कि पहली तिमाही में समेकित आधार पर पेट्रोलियम ईंधन के कारोबार में उसे 5,920 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ जबकि हाइड्रोकार्बन के अन्वेषण एवं उत्पादन के कारोबार में उसे 2,084 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है।

 

Next Post

दो बच्चों की मां स्कूल जाने निकली, घर नहीं लौटी

Wed Jul 22 , 2026
शुजालपुर, मंडी थाना क्षेत्र से दो बच्चों की मां और एक निजी स्कूल की शिक्षिका के लापता होने का मामला सामने आया है. पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है. पुलिस के अनुसार शिक्षिका 20 जुलाई की सुबह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली […]

You May Like