
भोपाल। दृढ़ इच्छाशक्ति और नए संकल्प के साथ मध्य प्रदेश में कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने वर्ष 2026 के लिए अपनी सोच और प्राथमिकताओं को स्पष्ट करना शुरू कर दिया है। उन्होंने पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता और राजनीतिक दृढ़ता को दोहराते हुए जनता के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प जताया।
शहरयार खान
प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी, अनूपपुर
शहरयार खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा व्यक्ति की स्वतंत्रताओं—जैसे भोजन, वस्त्र, भाषा, व्यक्तिगत कानून और निजी पसंद—की रक्षा के पक्ष में रही है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान पर आधारित धर्मनिरपेक्षता ही लोकतंत्र की आधारशिला है। खान ने बताया कि इन्हीं मूल्यों के कारण वे पिछले 32 वर्षों से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़े हैं और जीवनभर जुड़े रहेंगे।
डॉ. विक्रम चौधरी
कांग्रेस प्रवक्ता
डॉ. चौधरी ने कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य राहुल गांधी के “न्याय” और “मोहब्बत की दुकान” के विचार को ज़मीनी स्तर पर उतारना है। उन्होंने मनरेगा को अधिकार के रूप में मजबूत करने, जनसंपर्क के माध्यम से संविधान की रक्षा, आर्थिक न्याय को बढ़ावा देने और संवाद व भाईचारे से नफरत को परास्त करने पर बल दिया।
प्रवीण धौलपुरे
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता
प्रवीण धौलपुरे ने कहा कि जीतू पटवारी के नेतृत्व में 2026 राजनीति की दिशा बदलने का वर्ष होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाएगी, सरकार की नाकामियों को तथ्यों के साथ उजागर करेगी और झूठे प्रचार के विरुद्ध सत्य की आवाज़ बनेगी।
