सतना : सडक़ पर फर्राटा मारते कुछ बुलेटबाजों द्वारा रह रह कर गोली अथवा पटाखे जैसी तेज अवाज निकाली जाती है. जो न सिर्फ लोगों को बुरी तरह विचलित कर देती है बल्कि इसके चलते उनकी धडक़नें भी बढ़ जाती हैं. कुछ इसी तरह के बुलेटबाजों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए 150 मॉडिफाइड साइलेंसरों पर पुलिस ने रोड रोलर चलवा दिया.उप अधीक्षक यातायात पुलिस संजय खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा समय समय पर विशेष अभियान चलाकर ऐसे बाइक चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है. जिनके वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे होते हैं.
कंपनी फिटेड साइलेंसरों में बदलाव कर उनके जरिए गोली अथवा तेज पटाखे की ध्वनि निकाली जाती है. लिहाजा इस तरह की गतिविधि पूरी तरह से अवैध मानी जाती है. पुलिस द्वारा पिछले 6 महीने में की गई जांच-कार्रवाई के दौरान ऐसे 150 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई. इसके साथ ही वाहनों के अवैध साइलसेंर निकलवाकर जब्त किए गए थे. गुरुवार को यातायात थाना परिसर में डीएसपी ट्रैफिक और रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल की उपस्थिति में इन सभी जब्त किए गए 150 साइलेंसरों पर रोड रोलर चलवाते हुए उन्हें नष्ट कर दिया गया.
6 महीने बाद फिर कार्रवाई
डीएसपी ट्रैफिक के अनुसार इससे पहले इस तरह की कार्रवाई 6 महीने पहले भी की गई थी. जनवरी 26 में यातायात परिसर में 120 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से नष्ट कराया गया था. लिहाजा मॉडिफाइड साइलेंसर के मामले पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा वाहन चालकों समेत संबंधित मैकेनिकों को भी समय समय पर चेतावनी दी जाती है
