सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित की गई.
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर प्रकरणों को अनावश्यक लंबित न रखा जाए. बैठक में कलेक्टर ने भू-अर्जन, रेलवे भूमि मुआवजा वितरण, सीएम हेल्पलाइन, वन अधिकार अधिनियम तथा अन्य राजस्व प्रकरणों में अधिक पेंडेंसी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए राजस्व अधिकारियों और जिला परिवहन अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे तत्परता और गंभीरता के साथ लंबित प्रकरणों का निराकरण करें. उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए. राजस्व एवं वन विभाग को निर्देश दिए कि वन अधिकार पट्टों के फौती की कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए. इसके साथ ही उन्होंने वन अधिकार के सामुदायिक दावों को वन मित्र पोर्टल पर दर्ज किया जाए. उन्होंने वन अधिकार समितियों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी जनपदों के सीईओ को आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने वन व्यवस्थापन से संबंधित लंबित प्रकरणों का भी निराकरण करने के निर्देश दिए.
वर्षाकालीन व्यवस्थाओं की विशेष समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी बांधों, झरनों, नदियों तथा अन्य जोखिमपूर्ण स्थलों पर प्रतिबंधित आवागमन का सख्ती से पालन कराया जाए. बारिश में लोगों को जोखिमपूर्ण स्थानों पर जाने न दिया जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने बुधनी क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए अन्य क्षेत्रों में प्रभावी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए.
