जावी के गुर्जरखेड़ा धाम की छमाही भविष्यवाणी: मौसम में उतार-चढ़ाव, दो बार ओलावृष्टि और फसलों को नुकसान की आशंका

नीमच। जिले के जावी गांव स्थित श्री गुर्जरखेड़ा धाम में शारदीय नवरात्र अनुष्ठानों के बाद आगामी छह माह की पारंपरिक भविष्यवाणी की गई। पंडाजी घनश्याम लौहार के माध्यम से श्री गुर्जरखेड़ा सरकार की परंपरानुसार छमाही भविष्यवाणी सुनाई गई। इसमें मौसम, कृषि उत्पादन, फसलों के भाव, व्यापार, राजनीति और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर विभिन्न बातें कही गईं।

मौसम में बदलाव, दो बार ओलावृष्टि की संभावना

भविष्यवाणी के अनुसार आगामी छह माह में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है। कभी गर्मी, कभी ठंड और कभी हवाओं का प्रभाव रहेगा। ठंड का असर सामान्य रहने की बात कही गई, जबकि मौसम में बदलाव के कारण दो बार पाला पडऩे और कुछ क्षेत्रों में फसलों को आंशिक नुकसान होने की आशंका जताई गई।

आने वाले 10 से 12 दिनों में कुछ स्थानों पर बादल छाने, बूंदाबांदी और बारिश के योग बताए गए। दीपावली के आसपास भी बारिश की संभावना जताई गई। इसके अलावा दो बार ओलावृष्टि होने की बात कही गई, जिसमें पहली मकर संक्रांति से पहले और दूसरी उसके बाद होने का अनुमान व्यक्त किया गया। दूसरी ओलावृष्टि से सामान्य नुकसान की आशंका बताई गई। दो मावठ के साथ दीपावली के आसपास बारिश होने की स्थिति में कुल तीन मावठ होने की बात भी कही गई।

गेहूं, चना, लहसुन, प्याज और अजवाइन का उत्पादन बेहतर रहने का अनुमान

भविष्यवाणी में जल की कमी और पर्यावरणीय परिस्थितियों के कारण कृषि उत्पादन प्रभावित होने की बात कही गई। इसमें सामान्य रूप से फसलों का उत्पादन लगभग 75 प्रतिशत और अधिक जलाभाव वाले क्षेत्रों में 50 प्रतिशत तक रहने का अनुमान व्यक्त किया गया। गेहूं, चना, लहसुन, प्याज और अजवाइन का उत्पादन अपेक्षाकृत अच्छा रहने की बात कही गई, जबकि अन्य फसलों के उत्पादन में कमी की आशंका जताई गई।

सोना-चांदी में तेजी, खाद्यान्न और पशुचारे की व्यवस्था पर जोर

व्यापार के संबंध में सोना-चांदी के भाव में लगभग 20 से 30 हजार रुपये तक तेजी आने के बाद स्थिति सामान्य होने का अनुमान व्यक्त किया गया। लोहा और वस्त्र व्यापार में भी शुरुआती तेजी के बाद सामान्य स्थिति बनने की बात कही गई। खाद्यान्न के भाव बढऩे की संभावना जताते हुए मनुष्यों के लिए अनाज और पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था रखने की बात कही गई।

भविष्यवाणी में फसलों के उत्पादन और बाजार भाव में उतार-चढ़ाव की संभावना बताते हुए किसानों से अपने विवेक के अनुसार निर्णय लेने की बात कही गई।

राजनीति में खींचतान और चोरी-लूट की घटनाओं को लेकर चेतावनी

भविष्यवाणी में आगामी छह माह के दौरान राजनीति में उथल-पुथल, खींचतान और विद्रोह जैसी परिस्थितियां बनने की बात कही गई। धर्म के नाम पर विवादों से बचने और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। इसके साथ ही चोरी और लूट की घटनाएं बढऩे की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क और सचेत रहने की अपील की गई।

गौसेवा और सामाजिक सहयोग का संदेश

श्री गुर्जरखेड़ा सरकार की ओर से जनमानस को गांव के देवी-देवताओं का नियमित स्मरण और पूजन करने, गौमाता की सेवा करने तथा माता-पिता का सम्मान करने का संदेश दिया गया। साथ ही मानवता, परस्पर सहयोग और सेवा की भावना बनाए रखने की अपील की गई।

उक्त जानकारी श्री गुर्जरखेड़ा धाम के संरक्षक एवं प्रवक्ता दिलीप पाटीदार जावी ने दी।

Next Post

नीमच के सगराना में 3,500 करोड़ से बन रहा सीमेंट प्लांट, मार्च 2027 में उत्पाद लॉन्च करने की तैयारी

Fri Oct 23 , 2026
नीमच। जिले के सगराना में लगभग 3,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रहे एकीकृत सीमेंट संयंत्र का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। गोल्ड क्रेस्ट सीमेंट ने अपनी डिजिटल पहचान को विस्तार देते हुए आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया है। कंपनी मार्च 2027 में अपने उत्पाद […]

You May Like