इंदौर: राऊ पुलिस ने दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी गांजे की छोटी छोटी पुड़िया बनाकर क्षेत्र में सप्लाई करते थे. पुलिस ने उनके कब्जे से 2.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 65 हजार रुपए आंकी गई है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उनसे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
शैडो एरिया चेकिंग के दौरान पीथमपुर रोड स्थित आईआईएम कॉलेज के सामने हनुमान मंदिर के पीछे सुनसान इलाके में दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया. पूछताछ में उनकी पहचान भोलाराम उर्फ सुभाष उम्र 36 साल और गोलू उर्फ गोल्डी उम्र 24 साल निवासी नयापुरा, रंगवासा, राऊ के रूप में हुई. तलाशी लेने पर दोनों के पास से 2.400 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे की पुड़िया बनाकर आसपास के क्षेत्र में बेचते थे. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि गांजा कहां से लाया जाता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भोलाराम उर्फ सुभाष आदतन अपराधी है. उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
सप्लाई चेन और नेटवर्क की जांच कर रहे है…
डीसीपी जोन 1, नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजे की पुड़िया बनाकर क्षेत्र में सप्लाई करना सामने आया है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है तथा गांजे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है.
