वियतनाम में बड़ा हादसा: लाइफ जैकेट पहनने के बावजूद 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

फू क्वोक। वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास शनिवार को हुए दर्दनाक नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसा उस समय हुआ जब भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही स्पीडबोट होन मे रुत नगोई (Hon May Rut Ngoai) द्वीप से वापस लौट रही थी। नाव में कुल 32 भारतीय पर्यटक और 4 स्थानीय चालक दल के सदस्य सवार थे। दुर्घटना द्वीप से महज 400 से 500 मीटर की दूरी पर हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव रवाना होने के कुछ ही मिनटों बाद अचानक तेज लहरों और खराब मौसम के बीच असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में बच गए भारतीय पर्यटक आशीष कुमार ने बताया कि नाव इतनी तेजी से पलटी कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने बताया कि सभी लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे और आसपास मौजूद अन्य नौकाओं ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठा कि जब अधिकांश यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, तब भी इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत कैसे हो गई। शुरुआती जांच और विशेषज्ञों के अनुसार समुद्र में ऊंची लहरें, तेज हवा और नाव के अचानक पलटने से कई यात्री पानी में फंस गए। कुछ लोग नाव के भीतर ही फंस गए, जबकि कई लोग तेज धाराओं और उफनती लहरों के कारण लंबे समय तक पानी में तैर नहीं सके। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल के पास तत्काल चिकित्सा सहायता और आपातकालीन मेडिकल सुविधाओं की कमी की भी बात कही, जिससे गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल सका।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के समय समुद्र में करीब तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही थीं, जिसने बचाव कार्य को भी मुश्किल बना दिया। कुछ यात्रियों ने यह भी आशंका जताई है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की संभावना की भी जांच की जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है |

मृतकों में अधिकांश लोग दक्षिण भारत के तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश से थे। इनमें कई लोग भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिजन बताए जा रहे हैं, जो वियतनाम यात्रा पर गए थे। हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने हनोई और हो ची मिन्ह सिटी में हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है।

वियतनाम सरकार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं नाव के कप्तान को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। वियतनाम के प्रधानमंत्री ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए समुद्री पर्यटन से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।

यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब वियतनाम भारतीय पर्यटकों के लिए तेजी से लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल हो रहा है। पिछले वर्ष बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक वियतनाम पहुंचे थे, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने समुद्री पर्यटन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Post

ट्विशा शर्मा मौत मामला: एम्स की 11 पन्नों की फॉरेंसिक रिपोर्ट सीबीआई को सौंपी, जांच में सामने आए अहम वैज्ञानिक सुराग

Sun Jul 12 , 2026
भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच ने एक अहम मोड़ ले लिया है। एम्स, नई दिल्ली के विशेषज्ञ मेडिकल बोर्ड ने करीब एक महीने तक चली वैज्ञानिक और फॉरेंसिक जांच के बाद तैयार की गई 11 पन्नों की रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सीबीआई को सौंप दी है। कोर्ट […]

You May Like