अंबेडकरनगर | उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अशरफपुर भुवा भठे के पास रात करीब 12 बजे दो बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई थी। सड़क पर गिरे घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर उनकी जान बचाने के लिए मौके पर दौड़े। लोग अभी घायलों को संभालने की कोशिश ही कर रहे थे कि तभी एक तेज रफ्तार बेकाबू कार आई और सड़क पर मौजूद भीड़ को बेरहमी से कुचलते हुए निकल गई। इस दोहरे हादसे ने मौके पर चीख-पुकार मचा दी और मानवता की सेवा करने आए लोग खुद मौत के आगोश में समा गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जलालपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
जलालपुर थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब उस बेकाबू कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर कार की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। एक साथ आठ मौतों की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

