जबलपुर:बरगी थाना अंतर्गत मंगेली ब्रिज के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही एक कार ने आगे चल रहे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सडक़ पर ही पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा में सवार तीन मुख्य रसोइए गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जो लगुन का कार्यक्रम निपटाकर लौट रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।
लिस से मिली जानकारी के अनुसार, गौर बरेला निवासी गली राम चौधरी (32) अपने साथी अनंतराम चौधरी, राम भगत चौधरी और राम रतन अहिरवार के साथ खाना बनाने का काम करते हैं। पूरी टीम चूल्हा गौलाई तिलवारा में आयोजित एक लगुन कार्यक्रम में खाना बनाने गई थी। रात को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग अपना कैटरिंग और खाना बनाने का सामान एक ई-रिक्शा में लादकर वापस अपने घर गौर बरेला रोड लौट रहे थे।
रात को जैसे ही उनका ई-रिक्शा मंगेली ब्रिज के पास यादव ढाबा के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार के चालक ने बड़ी ही लापरवाही से वाहन चलाते हुए ई-रिक्शा को पीछे से उड़ा दिया। टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई और ई-रिक्शा बीच सडक़ पर पलट गया। हादसे में अनंतराम, राम भगत और राम रतन सडक़ पर दूर जा गिरे, जिससे उनके हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि गली राम चौधरी को मामूली चोटें आई हैं।
कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई
टक्कर मारने के बाद आरोपी की कार क्रमांक एमपी 16 टी 2007 भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसके कारण उसकी गाड़ी वहीं बंद हो गई। हालांकि, कुछ ही देर बाद शातिर कार चालक अपनी गाड़ी को दोबारा स्टार्ट कर वहां से भागने में कामयाब रहा।
