ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को त्रिपुरा के दौरे पर , अगरतला में राज्य सरकार के व्यावसायिक सम्मेलन में होंगे शामिल

नयी दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को त्रिपुरा के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे और इस दौरान अगरतला में आयोजित त्रिपुरा बिजनेस कॉन्क्लेव 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं को संबोधित करेंगे।

अगरतला के हापानिया स्थित इंटरनेशनल फेयर ग्राउंड में आयोजित इस व्यावसायिक सम्मेलन का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश को नई गति देना, व्यापार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों से जोड़ना है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस अवसर पर श्री सिंधिया निवेश, संपर्क , लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक विकास और पूर्वोत्तर की अपार आर्थिक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं एवं भावी योजना पर अपने विचार साझा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा मोदी सरकार के ‘एक्ट ईस्ट’ विजन और ‘विकसित पूर्वोत्तर’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। केंद्र सरकार आधारभूत संरचना, संचार संपर्क, उद्योग, पर्यटन और निवेश को निरंतर बढ़ावा देकर पूर्वोत्तर को भारत की विकास यात्रा का एक सशक्त इंजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि मई 2025 में नई दिल्ली में आयोजित राइजिंग नॉर्थ ईस्ट निवेशक शिखर सम्मेलन 2025 के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से लगभग 23,867 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव अकेले त्रिपुरा के लिए आए। इनमें से कई परियोजनाएं अब क्रियान्वयन के चरण में पहुंच चुकी हैं।

 

 

Next Post

भारत ने अंडर-23 महिला कैटेगरी में नौ मेडल पक्के किए

Wed Jul 8 , 2026
जकार्ता, 08 जुलाई (वार्ता) एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की अंडर -23 महिला बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन किया। बुधवार को जकार्ता में दोपहर और शाम के सेशन में हुए क्वार्टर फाइनल में बेहतरीन खेल दिखाते हुए नौ बॉक्सरों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और मेडल पक्के किए। […]

You May Like