इटारसी। मध्य प्रदेश के सागर में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में इटारसी के होनहार खिलाड़ी सार्थक रघुवंशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नेशनल स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। सार्थक, इटारसी निवासी शैलेंद्र रघुवंशी के सुपुत्र हैं।
सागर में खेली गई इस राज्य स्तरीय स्पर्धा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभावान खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों में सार्थक ने अपने शानदार खेल कौशल, फुर्ती और सटीक शॉट्स के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन किया और नेशनल टूर्नामेंट का टिकट हासिल किया।
सार्थक के नेशनल स्तर पर चयन होने से उनके परिवार, खेल प्रशिक्षकों और इटारसी के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है। स्थानीय नागरिकों और खेल संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने सार्थक रघुवंशी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
