सरई : जिले के घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच बसे दूरस्थ आदिवासी बहुल गांव बासी-बेरदहा में पहली बार मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध हुई है।
अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज की पहल पर एयरटेल का मोबाइल टावर स्थापित होने से बासी-बेरदहा और आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा। इससे ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सरकारी योजनाओं और अन्य आवश्यक ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। धिरौली परियोजना के आसपास स्थित इन गांवों में अब तक मोबाइल नेटवर्क के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कई जरूरी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने में कठिनाई होती थी, जहां अब मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा।
ग्रामीणों में खुशी का माहौल
विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और डिजिटल शिक्षा का लाभ लेने के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मोबाइल टावर की स्थापना से अब शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। इसी तरह नेटवर्क की कमी के कारण सरकारी योजनाओं से संबंधित ऑनलाइन आवेदन, पंजीकरण, ओटीपी सत्यापन और लाभार्थियों के विवरण को अपडेट करने जैसे कार्य भी प्रभावित होते थे। मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध होने से इन प्रक्रियाओं को पूरा करना आसान होगा और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी
