मानसून की दस्तक के साथ ही बढ़ गया जलभराव का खतरा

इंदौर: मानसून की दस्तक के साथ शहर में जलभराव का खतरा बढ़ने लगा है. शहर के खजराना चौराहा, परदेसीपुरा सहित शहर के कई क्षेत्रों में स्थित नालों में जमा कचरे का पहाड़ नगर निगम की लापरवाही और लोगों की अस्वच्छ आदतों की पोल खोल रहा है. शहर के कई नालों की सफाई नहीं होने से थोड़ी सी बारिश में ही जगह-जगह जलभराव हो जाता है, इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही लोगों की परेशानी बढ़ जाती है.

इंदौर के परदेसीपुरा क्षेत्र में वार्ड 23 और 24 के बीच बहने वाला नाला बरसात से पहले ही कचरे के अंबार से पटा पड़ा था. अब बारिश शुरू होने के बाद मौके की तस्वीरें साफ बता रही हैं कि समय रहते सफाई नहीं हुई. अभी भी निगम इसकी सफाई कर सकती है, लेकिन यदि अभी भी सफाई नहीं की गई तो बारिश के इस मौसम के दौरान नाला जाम होने से निचली बस्तियों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन सकती है. सबसे बड़ी बात यह है कि वार्ड 24 कुलकर्णी का भट्टा के रहवासी स्वच्छता को लेकर जागरूक दिखाई देते हैं.

स्थानीय लोग एक-दूसरे को नाले में कचरा न फेंकने की हिदायत भी देते हैं, वहीं वार्ड 23 की लाल गली की ओर से लगातार बड़ी मात्रा में कचरा नाले में डाला जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है. कचरे से उठने वाली दुर्गंध और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बीमारियों को न्योता दे रहा है. एक ओर नगर निगम स्वच्छ और स्वस्थ इंदौर के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर यह दृश्य प्रशासनिक लापरवाही और नागरिकों की गैर-जिम्मेदाराना सोच दोनों पर सवाल खड़े करता है. बरसात से पहले नाले की सफाई और लोगों में जागरूकता बढ़ाना अब बेहद जरूरी हो गया है.

यह बोले रहवासी…

बार-बार साफ करते हैं और बार-बार कचरे का डेर लग जाता है, इससे क्षेत्र में मच्छर-मक्खियां बढ़ रहे हैं और बीमारियां हो रही हैं. जल भराव भी हो जाता है.
– जगदीश जैतपुरिया

क्षेत्र में नियमित कचरा गाड़ी आती है, फिर भी आसपास के और दूर-दराज के लोग आकर यहां पर कचरा डाल जाते हैं. इससे होने वाले नुकसान को लोगों को खुद समझना चाहिए.
-शंभू

आगे बनी पाल से वॉल बंद होते हैं, सारा पानी रुक जाता है. कचरे के कारण गंदगी तो होती ही है, साथ में छोटे-बड़े नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं.
– देवचंद

Next Post

छत से गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने घर के बाहर सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

Wed Jul 8 , 2026
सिंगरौली: नवानगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान की छत से गिरकर घायल हुए 24 वर्षीय सोनू शाह की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और आर्थिक […]

You May Like