
नयी दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता) वैभव रावल (64) और कप्तान हिम्मत सिंह (30) की संघर्षपूर्ण पारियों की मदद से नई दिल्ली टाइगर्स ने शनिवार को दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के 23वें मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लॉयंस को जीत के लिए 139 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां वेस्ट दिल्ली लॉयंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी नई दिल्ली लॉयंस की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने अपने चार विकेट मात्र 17 रन के स्कोर पर गंवा दिये। शिवम गुप्ता (शून्य) और पार्थ बाली (शून्य) को मनन भारद्वाज ने पहले ही ओवर में आउट किया। ध्रुव कौशिक (10) और केशव दलाल चार रन बनाकर आउट हुये।
इसके बाद वैभव रावल और कप्तान हिम्मत सिंह की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई। 14वें ओवर में शुभम दुबे ने हिम्मत सिंह (30) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। दीपक पुनिया (एक) और अजय राणा तीन रन बनाकर आउट हुये। आठवें विकेट रूप में वैभव रावल आउट हुये। रावल ने 50 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 64 रनों की पारी खेली। नई दिल्ली टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 138 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य थरेजा नौ गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे।
वेस्ट दिल्ली लॉयंस की ओर से मनन ने तीन विकेट लिये। अनिरुध चौधरी और शुभम दुबे को दो-दो विकेट मिले। मयंक गुसांई ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
