
जबलपुर। अंतरराज्यीय चोर गिरोह के शातिर चोर को माढ़ोताल पुलिस ने उसके मैकेनिक साथी समेत गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 15 बाइक जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है। शातिर चोर न केवल गाड़ियां चुराता था, बल्कि साथी मैकेनिक के साथ मिलकर उनका हुलिया और पार्ट्स बदलकर उन्हें बाजार में खपा देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 लाख रुपये कीमत की 15 मोटर साइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस ने बताया कि उमेश देव पाण्डेय ने माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 मार्च को वे पत्नी सावित्रीदेवी का इलाज कराने अपोलो हॉस्पिटल गए थे। उन्होंने अपनी बाइक एमपी 20 एनसी 3893 अस्पताल के गेट पर लॉक की थी, लेकिन जब दो घंटे बाद वापस आए तो बाइक नदारद थी। पुलिस टीम ने ने तत्काल सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पाटन बाईपास पर दबिश दी। पुलिस ने राकेश श्रीवास (48) को संदिग्ध हालत में दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर राकेश ने सारा राज उगल दिया।
ग्राहकों की गाड़ियों में फिट कर देते थे पार्ट्स-
राकेश ने बताया कि वह गाड़ियां चुराकर अपने साथी राजेश साहू (30 वर्ष) को देता था। राजेश एक शातिर मैकेनिक है, जो चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स खोलकर उन्हें ग्राहकों की गाड़ियों में फिट कर देता था। इस तरह चोरी की बाइक का वजूद ही खत्म कर दिया जाता था।
शौचालय के पीछे और खाली प्लॉट में छिपाई थी गाड़ियां-
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पाटन बाईपास शौचालय के पीछे और ओरिया मटर मंडी के पास खाली प्लॉट से 7 बाइक जप्त की। राजेश साहू की दुकान से 2 गाड़ियां खुली हुई हालत में मिलीं जप्त की। जबकि अन्य स्थान से भी बाइकें बरामद की। कुल मिलाकर 15 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
छत्तीसगढ़ तक फैले हैं तार
जांच में खुलासा हुआ कि बरामद वाहनों में से 2 माढ़ोताल, 2 लार्डगंज, और 1 ग्वारीघाट थाने के हैं। एक बाइक रायपुर (छत्तीसगढ़) से भी चुराई गई थी। बाकी 9 वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए उनके मालिकों की तलाश की जा रही है। आरोपी राकेश श्रीवास के पूर्व से मारपीट के अपराध थाना माढोताल एवं चोरी, वाहन चोरी के अपराध जिला दमोह मप्र एवं रायपुर छग में दर्ज हैं। आरोपी राजेश साहू का थाना विजयनगर में वाहन चोरी का मामला दर्ज है।
