नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूसा परिसर में आयोजित “पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम एवं वृक्ष मित्र संवाद” में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। देशभर के लगभग 17 हजार वृक्ष मित्रों से संवाद करते हुए उन्होंने संकल्प दिलाया कि हर वृक्ष मित्र हर वर्ष कम से कम एक पेड़ लगाएगा और पाँच नए लोगों को इस अभियान से जोड़ेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्म और पूर्वजों की स्मृति जैसे हर अवसर को ‘वृक्ष पर्व’ के रूप में मनाने की परंपरा विकसित की जाए। उन्होंने राष्ट्रीय से लेकर गांव स्तर तक ‘वृक्ष मित्र परिवार’ का संगठित नेटवर्क बनाने, पंचायतों और शहरी निकायों में वृक्षारोपण के लिए स्थायी स्थल चिन्हित करने तथा 12 अगस्त की हरियाली अमावस्या पर देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान चलाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संकट मानव अस्तित्व की चुनौती बन चुका है और केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही मिशन लाइफ के तहत ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में पर्यावरणविद् अनिल जोशी और डॉ. अनूप हजेला ने भी “एक पेड़ लगाओ, एक पेड़ पालो” का संदेश दिया।
