वाशिंगटन, (वार्ता) अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने मंगलवार को मॉस्को की यात्रा कर रूसी खुफिया अधिकारियों के साथ वार्ता की। एजेंसी प्रमुख का पद संभालने के बाद रूस की यह उनकी पहली ज्ञात यात्रा है।
‘सीबीएस न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी वायु सेना के सी-17ए ग्लोबमास्टर-3 परिवहन विमान को रूसी राजधानी के एक हवाई अड्डे पर उतरते देखे जाने और उसके बाद शहर से गुजरते अमेरिकी राजनयिकों के काफिले के बाद इस यात्रा की सूचना सामने आयी।
सीआईए ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बुधवार को पुष्टि की कि रैटक्लिफ ने रूसी खुफिया अधिकारियों से मुलाकात की, लेकिन उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात नहीं की।
श्री पेसकोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन को बातचीत की पूरी जानकारी दे दी गयी है, लेकिन उन्होंने आगाह किया कि यह तय करना अभी जल्दबाजी होगी कि क्या यह बैठक अमेरिका-रूस संबंधों को उस ‘गहरे संकट’ से बाहर निकालने में मदद कर सकती है, जो रूस-यूक्रेन युद्ध के साढ़े चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद बना हुआ है।
यूक्रेन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अमेरिका ने यूक्रेन को पहले ही सूचित कर दिया था कि एक उच्चस्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल मॉस्को जा रहा है। इसी के तहत अमेरिका ने यूक्रेन से प्रतिनिधिमंडल के रूस से वापस लौटने तक अपने हमलों को स्थगित रखने का अनुरोध किया था।
यह वार्ता अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के उन आकलनों के बीच हुई है, जिनमें कहा गया है कि राष्ट्रपति पुतिन अपनी रणनीतियों में बदलाव कर रहे हैं। रूसी नेता नाटो सदस्यों के खिलाफ उकसावे वाली कार्रवाई करने के लिए अधिक तत्पर दिखाई दे रहे हैं, जिसमें ट्रांसअटलांटिक गठबंधन और ट्रंप प्रशासन दोनों को परखने के लिए हाइब्रिड ऑपरेशन तथा अन्य इनकार योग्य उपाय शामिल हैं।
श्री रैटक्लिफ ने अपने कार्यकाल के दौरान अपने रूसी खुफिया समकक्षों से संपर्क बनाये रखा है। सीआईए ने अमेरिका-रूस कैदियों और बंदियों की अदला-बदली की बातचीत में भी भूमिका निभायी है, जिसमें अप्रैल 2025 में अमेरिकी-रूसी दोहरी नागरिकता वाली केसेनिया कारेलिना की रिहाई सुरक्षित कराने में रैटक्लिफ की व्यक्तिगत संलिप्तता भी शामिल थी।
यह एजेंसी 2024 में हुए कैदियों के उस आदान-प्रदान में भी शामिल थी, जिसके जरिये ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ के पत्रकार इवान गेर्शकोविच और पूर्व अमेरिकी मरीन पॉल व्हेलन की रिहाई संभव हुई थी।
अभी हालांकि स्पष्ट नहीं है कि बुधवार को कैदियों के एक और आदान-प्रदान में श्री रैटक्लिफ की सीआईए शामिल थी या नहीं।
रूसी मानवाधिकार आयुक्त याना लांत्रातोवा के अनुसार, बेलारूस में दोनों पक्षों की ओर से 10 से अधिक कैदियों की अदला-बदली की गयी, हालांकि उन्होंने उनकी पहचान या उसमें कोई वरिष्ठ सैन्य कर्मी शामिल था या नहीं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
रैटक्लिफ की यह यात्रा युद्ध से पहले मॉस्को के साथ सीआईए के इसी तरह के उच्चस्तरीय संपर्क चैनल की याद दिलाती है, जब नवंबर 2021 में पूर्व सीआईए निदेशक विलियम बर्न्स ने रूस की यात्रा की थी। तब उन्होंने वरिष्ठ रूसी अधिकारियों से मुलाकात की थी और राष्ट्रपति पुतिन के साथ सीधे बातचीत कर उन्हें यूक्रेन पर आक्रमण न करने की चेतावनी दी थी।
