रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ सरकार ने मंगलवार को राज्य के विभिन्न निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड, समिति एवं अन्य संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को जारी संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी जनसेवा, सुशासन और लोककल्याण के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नयी गति देंगे।
राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर गौरीशंकर श्रीवास तथा सदस्य के रूप में देवशरण सेन की नियुक्ति की गयी है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में डॉ. ममता साहू को नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे तथा सदस्य सौरभ सिंह जागृत, दुर्गा महेश्वर और दयावंत धर बांधे नियुक्त किये गये हैं।
छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आनंद निषाद तथा सदस्य नेतराम निषाद, छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल, रायपुर के अध्यक्ष राजेश कुमार राजपूत तथा सदस्य सुमन मुथा तथा शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक के साथ सदस्य के रूप में बसंत पटेल, प्रेमलाल पटेल, संतोष पटेल और प्रेम पटेल को दायित्व सौंपा गया है। छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य मनमथ नाथ शर्मा तथा छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की सदस्य प्रसन्ना अवस्थी नियुक्त की गई हैं।
रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. जे.पी. शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी (राजीव लोचन दास महाराज) तथा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष मंगल दास ठाकुर को भी जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
