गुना: कैंट थाना अंतर्गत ग्राम पिपरौदा में शनिवार शाम एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां बारिश के बीच अपने घर की लाइट ठीक करने गए 48 वर्षीय हम्माल परमाल सिंह कुशवाहा की करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।जानकारी सामने आई है कि शनिवार शाम करीब 6 बजे पिपरौदा क्षेत्र में बारिश का दौर जारी था और दोपहर से ही लाइट बंद रहने के कारण घरों में अंधेरा छाया हुआ था। इसी दौरान घर में उजाला करने के उद्देश्य से परमाल सिंह कुशवाहा बिजली के खंभे पर अपने घर की मेन लाइन (डोरी) ठीक करने पहुंचे थे। खंभे पर डोरी डालते समय अचानक वे तेज करंट की चपेट में आ गए और झुलसकर खंभे के पास ही अचेत होकर गिर पड़े।
काफी देर तक वे वहीं पड़े रहे। इसके बाद जब वहां से एक सब्जी विक्रेता गुजरा, तो उसने परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल परमाल सिंह को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
