
भारत | भारत और इंडोनेशिया के रक्षा संबंधों को नई मजबूती मिलने जा रही है। इंडोनेशिया ने भारत से सुपरसोनिक ब्रह्मोस क्रूज़ मिसाइल खरीदने का फैसला किया है। इसके साथ ही स्वदेशी विकसित ‘अस्त्र’ एयर-टू-एयर मिसाइल की खरीद को लेकर भी दोनों देशों के बीच सहमति बनी है। यह रक्षा सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘अस्त्र’ मिसाइल भारतीय वायुसेना की प्रमुख स्वदेशी मिसाइलों में शामिल है। हाल के सैन्य अभियानों के दौरान इसकी क्षमताओं की भी चर्चा रही है। ब्रह्मोस मिसाइल अपनी लंबी मारक क्षमता, सटीक निशाने और तेज गति के लिए दुनिया की सबसे उन्नत सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइलों में गिनी जाती है। रक्षा सहयोग के साथ-साथ दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों में भी नई ऊंचाई देखने को मिली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को भारत और इंडोनेशिया के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों और प्रधानमंत्री मोदी के वैश्विक नेतृत्व की मान्यता के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइलों की संभावित डील भारत के रक्षा निर्यात को नई गति देगी और ‘मेक इन इंडिया’ तथा स्वदेशी रक्षा उत्पादन को वैश्विक स्तर पर और मजबूती मिलेगी। दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग को लेकर भविष्य में भी कई महत्वपूर्ण समझौते होने की संभावना है।
