नयी दिल्ली, 06 जुलाई (वार्ता) विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए आयोजित 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 का पुरस्कार वितरण समारोह सात जुलाई को यहाँ संसद भवन परिसर स्थित जीएमसी बालायोगी सभागार में आयोजित किया जाएगा। संसदीय कार्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि समारोह की अध्यक्षता विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कश्मीर विश्वविद्यालय, जम्मू-कश्मीर के छात्रों द्वारा युवा संसद की कार्यवाही का पुनः प्रदर्शन होगा। कश्मीर विश्वविद्यालय ने 17वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 29 वर्षों से विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता के 17वें संस्करण में देश के 51 विश्वविद्यालयों और कॉलेजों ने भाग लिया। मंत्रालय के अनुसार, युवा संसद योजना का उद्देश्य युवाओं में आत्म-अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों, विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता, निष्पक्ष अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी वक्तृत्व कौशल का विकास करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली, संसदीय प्रक्रियाओं तथा स्वस्थ बहस की संस्कृति से भी परिचित कराया जाता है।

