मैहर: थाना क्षेत्र अंतर्गत अमडा नाला विद्युत सबस्टेशन के पास पास रविवार शाम को हुए एक दर्दनाक सड़किक हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनोवा क्रिस्टा कार (क्रमांक MH 14 NA 8789) ने मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 19 NC 3787) को टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल पर सवार मुन्नी दाहिया निवासी नई बस्ती तथा कैलाश दाहिया निवासी हरदुआ, मैहर की ओर जा रहे थे। तभी अमड़ा नाला स्थित बिजली विभाग के सब स्टेशन के सामने यह हादसा हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि मुन्नी दाहिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कैलाश दाहिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मैहर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे में उनके दोनों पैर टूट गए हैं और सतना रेफर की तैयारी चल रही है।घटना की सूचना मिलते ही मैहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने वाली इनोवा क्रिस्टा महाराष्ट्र की है और उसमें सवार लोग मैहर दर्शन के लिए आए थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है।
