जावरा से घरेलू सामान की आड़ में 88 किलो डोडाचूरा तस्करी का पर्दाफाश, हिमाचल के दो आरोपी गिरफ्तार

पिपलियामंडी। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घरेलू सामान की आड़ में हिमाचल प्रदेश ले जाया जा रहा 88 किलोग्राम पिसा हुआ अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में हिमाचल प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डोडाचूरा, मिनी ट्रक, दो एंड्रॉयड मोबाइल और लाखों रुपये का घरेलू सामान जब्त किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जावरा क्षेत्र से डोडाचूरा लेकर निकले थे और उसे मंदसौर, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, मनासा, गांधीसागर और कोटा के रास्ते चंडीगढ़ होते हुए हिमाचल प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पंवार ने बताया कि रविवार प्रातः नारायणगढ़-पिपलियामंडी मार्ग स्थित बरखेड़ा वीरपुरिया फंटे पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर मिनी ट्रक क्रमांक एचपी-93-ए-8885 को रोककर उसकी तलाशी ली। ट्रक में घरेलू उपयोग का सामान भरा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया किसी को संदेह नहीं हो सकता था, लेकिन पुलिस को वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। गहन तलाशी लेने पर घरेलू सामान के बीच छिपाकर रखे गए चार प्लास्टिक के कट्टों से कुल 88 किलोग्राम पिसा हुआ अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दिनेश (40) पिता गुरपाल शर्मा निवासी ग्राम ओखु, तहसील नालागढ़, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) तथा अमृतलाल (36) पिता तीर्थराम शर्मा निवासी आदुवाल, तहसील नालागढ़, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। टीआई राजेन्द्र कुमार पंवार ने बताया कि जब्त किए गए 88 किलोग्राम पिसे हुए डोडाचूरा की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 76 हजार रुपये है। इसके अलावा लगभग 12 लाख रुपये कीमत का मिनी ट्रक, करीब 20 हजार रुपये कीमत के दो एंड्रॉयड मोबाइल तथा ट्रक में रखा लगभग 8 लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस ने पूरे मशरूके को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जावरा क्षेत्र से डोडाचूरा भरा था। इसके बाद वे मंदसौर से पिपलियामंडी होते हुए मनासा, गांधीसागर और कोटा के रास्ते आगे चंडीगढ़ होकर हिमाचल प्रदेश जाने वाले थे। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडाचूरा उन्हें किस व्यक्ति या गिरोह ने उपलब्ध कराया था तथा इसे हिमाचल प्रदेश में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों, खरीदारों और सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। टीआई पंवार ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। यह जांच की जा रही है कि दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहे हैं या नहीं तथा इनके खिलाफ अन्य राज्यों में कोई प्रकरण दर्ज है या नहीं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस तस्करी गिरोह से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को एनडीपीएस एक्ट की विशेष अदालत में पेश करने की तैयारी की है। अदालत से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जाएगी, ताकि डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त, परिवहन और इसके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Next Post

रवि माली हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार

Sun Jul 5 , 2026
मंदसौर। कोतवाली थाना पुलिस ने रवि माली हत्याकांड में फरार नाबालिग आरोपी को भगाने में सहयोग करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की पिता मोहनलाल कुमावत (25) निवासी नयागांव, नरसिंहपुरा, मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना […]

You May Like