मुंबई, 06 जुलाई (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय शो यादें की स्टार कास्ट ने बारिश के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए अपने पसंदीदा घरेलू नुस्खे साझा किए हैं। कलाकारों का कहना है कि पारंपरिक घरेलू उपाय आज भी बदलते मौसम में स्वास्थ्य बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं।शो में डॉ. सृष्टि अग्रवाल की भूमिका निभा रहीं गुलकी जोशी ने बताया कि बरसात उन्हें घर और पारंपरिक नुस्खों की याद दिलाती है।
उन्होंने कहा कि लंबे शूटिंग शेड्यूल के बाद हल्दी वाला दूध पीना, दिनभर गर्म पानी पीना और ठंडे पेय से बचना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है, जिससे उन्हें फिट रहने में मदद मिलती है। शो में डॉ. देव मेहता का किरदार निभा रहे इक़बाल खान ने कहा कि वह दिन की शुरुआत कच्ची हल्दी के छोटे टुकड़े और गुनगुने पानी से करते हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में वह स्ट्रीट फूड से परहेज़ करते हैं और नियमित रूप से प्रार्थना करते हैं कि स्वस्थ रहें तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
उनका मानना है कि यदि कभी तबीयत खराब हो जाए तो उसे शरीर को आराम देने का संकेत समझना चाहिए। वहीं डॉ. रौनक की भूमिका निभा रहे देविश आहूजा ने कहा कि उनके घर में बारिश के मौसम में पकौड़ों के साथ घर का बना काढ़ा पीने की परंपरा है। उन्होंने बताया कि वह हमेशा गुड़ और भुनी हुई सौंफ अपने साथ रखते हैं, क्योंकि उनकी दादी का मानना था कि इससे बरसात के मौसम में पाचन बेहतर रहता है। ‘यादें’ का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात आठ बजे सोनी सब पर किया जाता है।

