बीएलओ हैं लोकतंत्र की नींव : ज्ञानेश कुमार 

इंदौर। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को इंदौर में बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ से संवाद करते हुए मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य ने इस अभियान को पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा कर देश के लिए आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बीएलओ लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे घर-घर पहुंचकर नए मतदाताओं का पंजीयन, मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट एवं अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने सहित मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ आदिवासी और वन क्षेत्रों में कार्यरत बीएलओ के समर्पण की सराहना की।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली विश्व की सबसे पारदर्शी और विश्वसनीय प्रणालियों में शामिल है। देश में करीब 95 करोड़ मतदाता हैं और चुनाव प्रक्रिया के संचालन में लगभग 1.80 करोड़ चुनावकर्मी भागीदारी निभाते हैं। मतदान से पहले मॉक पोल, पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति, फॉर्म-17सी और मतगणना की पारदर्शी व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र की विश्वसनीयता को मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग का नया ईसीआई नेट एप मतदाताओं और बीएलओ के बीच संपर्क को और अधिक सरल एवं प्रभावी बना रहा है।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुरूप मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसके लिए आयोग ने सोशल मीडिया, समाचार पत्र, एफएम रेडियो, व्हाट्सएप तथा स्थानीय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाए।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने कहा कि प्रदेश में एसआईआर अभियान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने इसकी सफलता का श्रेय कलेक्टरों, संभागायुक्तों, बीएलओ, राजनीतिक दलों और निर्वाचन अमले के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने बताया कि आयोग ने बीएलओ के मानदेय को बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने के निर्देश भी दिए हैं।

इस अवसर पर एसआईआर अभियान की उपलब्धियों पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राम प्रताप सिंह जादौन, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा सहित बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे।

Next Post

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओंकारेश्वर में करेंगे ज्योतिर्लिंग दर्शन, नर्मदा पूजन 

Sat Jul 4 , 2026
ओंकारेश्वर। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के तहत शनिवार रात ओंकारेश्वर पहुंचे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला मध्यप्रदेश दौरा है, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रविवार को वे सुबह मां नर्मदा का विधिवत पूजन […]

You May Like