
सीधी। पुलिस मुख्यालयए भोपाल के निर्देशन में संचालित राज्यव्यापी सेफ क्लिक 2.0 साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज 3 जुलाई को जिला सीधी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने शहर के सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, मंदिरों, ग्रामों, तहसील कार्यालयों एवं लोक सेवा केन्द्रों में पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शहर स्थित पूजा पार्क में उपस्थित नागरिकों को सेफ क्लिक 2.0 अभियान अंतर्गत साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की। थाना मड़वास पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़वास में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की।
इसी तरह थाना रामपुर नैकिन पुलिस ने ग्राम कुडिय़ा पवाई में, थाना जमोड़ी पुलिस द्वारा पडऱा शिव मंदिर परिसर में, महिला थाना सीधी द्वारा फूलमती माता मंदिर सीधी में कार्यक्रम आयोजित कर जानकारी दी गई। चौकी सिहावल थाना अमिलिया अंतर्गत तहसील सिहावल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार, शासकीय कर्मचारी, पुलिस स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। थाना भुईमाड़ पुलिस द्वारा हनुमान मंदिर मझौली टोला में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी फ्रॉड, ओटीपी साझा करने के खतरे, यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड धोखाधड़ी, सोशल मीडिया ठगी तथा फर्जी निवेश योजनाओं से बचाव की जानकारी दी गई। थाना कुसमी पुलिस ने तहसील कार्यालय एवं लोक सेवा केन्द्र कुसमी में, थाना बहरी पुलिस द्वारा ग्राम पोंडी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के दुष्परिणाम एवं साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
००
पुलिस अधीक्षक सीधी का संदेश
साइबर अपराधियों द्वारा प्रतिदिन नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। इन अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता, सतर्कता और समय पर शिकायत है। जिला सीधी पुलिस का प्रयास है कि सेफ क्लिक 2.0 अभियान के माध्यम से जिले के प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचे। यदि किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा बेवसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।
००००००००००
