
रतलाम। उच्च शिक्षा की नई शुरुआत करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुक्रवार को प्रेरणादायी समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार शामिल हुए और विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, आत्मविश्वास तथा निरंतर प्रयास को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, कानून का सम्मान करने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाई. के. मिश्रा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपने कौशल को विकसित करने का आग्रह किया।
डॉ. संजय परिहार ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षण प्लेटफॉर्म की जानकारी देते हुए बताया कि इन माध्यमों से देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रमों का लाभ उठाकर वे अपने ज्ञान और कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। मयंक व्यास ने साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र में ऑनलाइन ठगी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. गोपाल खराड़ी ने प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, छात्रवृत्ति योजनाओं, महाविद्यालय के नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्होंने प्राणीशास्त्र, भौतिकी और रसायनशास्त्र प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया।
विभागीय प्राध्यापकों ने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध संसाधनों और आधुनिक उपकरणों की जानकारी देकर विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था से परिचित कराया।संचालन रियाज़ मंसूरी ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन के साथ तीन दिवसीय दीक्षारंभ समारोह का समापन हुआ। महाविद्यालय परिवार ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के सफल और उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सेफ क्लिक अभियान का दिया संदेश
एसपी अमित कुमार ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट और सोशल मीडिया प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन थोड़ी-सी असावधानी भी साइबर अपराधियों का शिकार बना सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि इंटरनेट पर सोच-समझकर क्लिक करें, किसी भी अज्ञात लिंक पर विश्वास न करें, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी ऑनलाइन ऑफर या लालच में न आएं। एसपी द्वारा विद्यार्थियों तक पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना का संदेश भी पहुँचाया तथा सभी से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
