अशोकनगर: जिला अस्पताल में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को अस्पताल परिसर में कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकतों के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।वायरल वीडियो में युवक-युवती अस्पताल के माधव उद्यान और मुख्य गेट के पास अनुचित हरकतें करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आते ही लोगों ने इसे अस्पताल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही बताया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।मामला संज्ञान में आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र शिखावत ने जांच के निर्देश दिए। अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा गार्डों और स्टाफ से पूछताछ की तथा पुलिस को भी कार्रवाई के लिए आवेदन सौंपा।
इससे पहले भी जिला अस्पताल का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मरीज और उनके परिजन वार्ड में शराब सेवन करते नजर आए थे। लगातार ऐसी घटनाओं से अस्पताल की छवि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रबंधन ने सुरक्षा बढ़ाने के बजाय उस उद्यान के पेड़-पौधों को काटने का निर्णय लिया, जिनकी आड़ में ये गतिविधियां की जा रही थीं। ये पौधे मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ हवा और हरियाली का वातावरण प्रदान करते थे।
सिविल सर्जन डॉ. शिखावत ने कहा, वीडियो का मामला संज्ञान में लिया गया है। यह निश्चित रूप से सुरक्षा में चूक का उदाहरण है। जांच जारी है और पुलिस को कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए उद्यान की सफाई कराई गई है।
