दौसा 01 जुलाई (वार्ता) राजस्थान में दौसा जिले की बांदीकुई तहसील में कोलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बस के ट्रक-ट्रेलर से टकराने बाद आग लग जाने से आठ लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार ऋषिकेश से इंदौर जा रही निजी स्लीपर बस क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई और इसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में बस चालक एवं पांच यात्रियों की आग में झुलसने से मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने से दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक रामअवतार, यात्री प्रियंका सहित कुछ यात्रियों की पहचान हो पाई जबकि अन्य शवों की पहचान डीएनए जांच से हो पायेगी। घायलों में दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दौसा जिला कलेक्टर सौम्या झा ने हादसे की जांच के लिए जांच दल का गठन किया हैं जो दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन अतिशीघ्र प्रस्तुत करेगा। एफएसएल और विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा दुर्घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है। दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा, राज्यसभा सांसद डॉ सतीश पूनियां एवं विधायक राजेन्द्र मीणा ने गहरा दुख जताया है।
