देहरादून, 03 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड के देहरादून में घर में काम करने वाली एक नौकरानी ने अपने मालिक के घर से बेशकीमती आभूषण चोरी कर लिये। चोरी के लगभग एक साल बाद जब उसने आभूषणों में से हीरा जड़ा हार गले में पहनकर जब अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर लगाया तो मालिक उसे पहचान लिया और पुलिस को शिकायत की तो नौकरानी के पास से लगभग दस लाख रुपए कीमत के दूसरे जेवरात भी बरामद हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रवेंद्र डोभाल ने शुक्रवार को बताया कि थाना राजपुर क्षेत्र के सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स ने एक जुलाई को थाना राजपुर पर एक लिखित तहरीर दी कि करीब एक वर्ष पूर्व उन्होंने अपने घर में रखे हीरे व अन्य आभूषणों को ढूंढने का प्रयास किया गया तो वे उन्हें घर पर कहीं नहीं मिले। जिस पर उन्हें लगा कि उनके द्वारा उक्त आभूषणों को या तो अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया है या कहीं ऐसे जगह रख दिया है जो उन्हें याद नहीं आ रहा है। तब उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं था कि उनके आभूषण किसी ने चुरा लिए हैं।
कुछ दिन पूर्व उनके किसी परिचित द्वारा उन्हें बताया गया कि एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में हीरे का हार के साथ अपनी एक फोटो लगाई है जो उनके खोये हीरे के हार से मिलता जुलता है। जिस पर उन्होंने जब उस फोटो को चैक किया तो वह उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला (34) की थी तथा उसके द्वारा फोटो में पहने गये आभूषण उनके पूर्व में खोये हुए आभूषणों से हूबहू मिलते जुलते थे। उन्हें पुलिस से शक जाहिर किया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका द्वारा ही उक्त आभूषणों को घर से चोरी किया गया है।
वादिनी की तहरीर के आधार पर तत्काल थाना राजपुर पर मुकदमा संख्या 142/2026 धारा 306 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।
श्री डोभाल ने बताया कि घटना का खुलासा तथा अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई। जिसने घटना में संलिप्त अभियुक्त के सम्बन्ध में जानकारी कर आज उक्त महिला अभियुक्त विमला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने घटना में चोरी किये गये हीरे व सोने के सभी आभूषण बरामद किये हैं।
उन्होंने अभियुक्त विमला पत्नी रंजीत निवासी ग्राम चकगामा, थाना पसीगमा, जनपद लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून के हवाले से बताया कि वह श्रीमती नितिशा के आईटी पार्क स्थित घर में घरेलू सहायिका का कार्य करती थी। करीब एक वर्ष पूर्व उसके द्वारा मौका देखकर लॉकर से हीरे व सोने के कीमती आभूषण चुरा लिये। घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थीं, जिस कारण उन्हें उस पर शक नहीं हुआ घटना को अंजाम देने के बाद वह उक्त चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ आभूषणों को बेचना चाहती थी लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वह बिक नहीं पाए। वह अब भी लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी पर अचानक इतने समय बाद वह पुलिस की गिरफ्त में कैसे आई यह उसे नहीं पता।
