
तेंदूखेड़ा/दमोह। पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने व आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना तेंदूखेड़ा क्षेत्र के चिन्हित 7 ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण किया गया.निरीक्षण के दौरान दुर्घटना की संभावनाओं का सूक्ष्मता से मूल्यांकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर संबंधित विभागों के साथ विस्तृत चर्चा की गई.निरीक्षण में नाग बाबा मंदिर, बमहोरी तिराहा, ठाकुर ढाबा से बड़ी खेर माता मंदिर मार्ग, भोड़ी मंदिर तिराहा, नरगुआ टेक, 27 मील चौराहा एवं पण्डा बाबा मंदिर सहित सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट का मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया.संयुक्त टीम द्वारा एमपीआरडीसी रोड एजेंसी व मेंटेनेंस एजेंसी को शॉर्ट टर्म रेक्टिफिकेशन के अंतर्गत आवश्यक सुरक्षा कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। इनमें चेतावनी व गति सीमा संकेतक बोर्ड, कैट आई, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, साइड शोल्डर का भराव, दृश्यता बढ़ाने हेतु पेड़ों एवं झाड़ियों की सफाई, रंबल स्ट्रिप तथा मोड़ों पर Chevron Sign Board लगाने के निर्देश शामिल हैं।साथ ही बमहोरी तिराहा एवं 27 मील चौराहा पर रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए पर्याप्त हाई-मास्ट/स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु भी संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया गया।यह निरीक्षण एसडीओपी तेंदूखेड़ा श्रीमती अर्चना अहीर, थाना प्रभारी तेंदूखेड़ा श्रीमती सरोज ठाकुर, यातायात निरीक्षक दलवीर मार्को, एमपीआरडीसी रोड एजेंसी के डिवीजनल मेनेजर विनोद कुमार व मेंटेनेंस एजेंसी के प्रतिनिधियों की संयुक्त उपस्थिति में संपन्न हुआ.
