गर्भवती पत्नी पर पति ने किया चाकू से हमला जिला चिकित्सालय में उपचार जारी

सतना: जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडुलिहाई गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल महिला का उपचार जारी है और पुलिस ने आरोपी पर को गिरफ्तार कर लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ने पत्नी की गर्दन, पीठ और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में हडक़ंप मच गया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकडक़र खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार घायल महिला की पहचान 23 वर्षीय फूला मवासी के रूप में हुई है।

उसकी ससुराल देवलहा गांव में है, लेकिन पति की शराबखोरी और घरेलू विवाद से परेशान होकर वह बीते 24 जून से अपने मायके मंडुलिहाई गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले उसका पति रामकिशोर मवासी भी मंडुलिहाई पहुंचा था। गुरुवार सुबह रामकिशोर ने अपनी पत्नी को 300 रुपए दिए थे। दोपहर में शराब पीकर लौटने के बाद उसने पत्नी से पैसे वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में चाकू निकाल लिया और गर्भवती पत्नी पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने फूला की गर्दन, पीठ और पेट पर कई वार किए। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

गर्भस्थ शिशु को लेकर चिंता
घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। गर्भ में पल रहे शिशु की स्थिति को लेकर भी परिजन चिंतित हैं। परिजनों ने बताया कि रामकिशोर आए दिन शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी कारण फूला अपने मायके में रह रही थी और ससुराल लौटना नहीं चाहती थी।

Next Post

लेनदेन को लेकर विवाद में फायरिंग, 3 लोग गंभीर रूप से घायल

Fri Jul 3 , 2026
ग्वालियर: बिजौली थाना क्षेत्र के खेरियामोदी गांव में खूनी खेल खेला गया।महज 12 हजार के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में हुई फायरिंग में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक के पिता को 2 गोली लगी जबकि उसकी मां के साथ लाठी डंडों से मारपीट कर दी […]

You May Like