जबलपुर: कोतवाली पुलिस ने एक नामी ब्रांड कंपनी के नाम पर हूबहू दिखने वाली नकली चप्पलें बेचने वाले दो बड़े थोक व्यापारी को रंगे हाथों दबोचा है। पुलिस ने दोनों दुकानों से कुल 592 जोड़ी नकली स्लाईडर्स जब्त की हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 1,77,600 रुपये आंकी गई है।कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि वेस्ट पंजाबी बाग, नई दिल्ली स्थित एल्यूडिकेशन एडवोकेट एण्ड सॉलिसिटर्स लॉ फार्म के जांच अधिकारी मयंक शर्मा निवासी सावरिया नगर, इंदौर ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कोतवाली क्षेत्र की कुछ दुकानों पर ब्रांडेड पूमा कंपनी के नाम का गलत इस्तेमाल कर नकली चप्पलें बेची जा रही हैं।
लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुलाराम चौक और अंधेरदेव क्षेत्र में छापेमारी की।पुलिस ने तुलाराम चौक स्थित ‘मैडम फुटवेयर लेडिस फैंसी चप्पल एवं फुटवेयर’ के होलसेल काउंटर पर दबिश दी। दुकान की तलाशी लेने पर अंदर से पूमा कंपनी की हूबहू दिखने वाली 284 जोड़ी नकली स्लाईडर्स बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से दुकान मालिक पंकज खत्री 33 वर्ष, निवासी घमापुर चौक को गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई जामा मस्जिद के पीछे, अंधेरदेव स्थित ‘आर.के. फुटवेयर’ शॉप नंबर 226 पर की गई। इस होलसेल दुकान के अंदर से पुलिस को 308 जोड़ी नकली स्लाईडर्स मिलीं। पुलिस ने यहाँ से दुकान मालिक आवेद अली 50 वर्ष, निवासी रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड, आनंद नगर, गोहलपुर को हिरासत में लिया। दोनों थोक विक्रेताओं के पास से जब्त की गई चप्पलों की कुल संख्या 592 जोड़ी है।
