
उज्जैन। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज मंगलवार को उज्जैन आए। उन्होंने यहां ज्योतिर्लिंग महाकाल के दर्शन किए। पूजन-अर्चन के पश्चात पत्रकारों ने जब उनसे राम मंदिर ट्रस्ट के जिम्मेदार लोगों द्वारा की गई दान की चोरी को लेकर सवाल किए तो वे चुप रहे।
गोविंद देव गिरि महाराज उज्जैन में महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के षष्ठ दीक्षांत समारोह में भाग लेने आए थे। कालिदास अकादमी के संकुल सभागार में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने स्वामी जी को महा महोपाध्याय की मानद उपाधि से सम्मानित किया। स्वामी जी सुबह चार्टर्ड विमान से उज्जैन पहुंचे थे। महाकाल मंदिर में समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका सम्मान किया। मंदिर परिसर में पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और श्री राम मंदिर में हुए घोटाले को लेकर सवाल किए लेकिन महाराज मुंह पर उंगली रखकर चुप रहने का इशारा करते हुए बिना कुछ बोले अपनी कार में बैठकर रवाना हो गए।
स्वामी यतींद्रानंद ने किए महाकाल दर्शन-महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज ने मंगलवार को उज्जैन प्रवास के दौरान भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंदिर प्रबंध समिति ने स्वामी जी का स्वागत किया।
