महापौर अमृता यादव ने होनहार छात्रा खुशी पटेल को साइकिल भेंट कर बढ़ाया उत्साह

खंडवा। शिक्षा के प्रति समर्पण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अटल पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल द्वारा एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने ग्राम नागचुन निवासी और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की होनहार छात्रा कुमारी खुशी पटेल को उनके आवागमन की सुविधा के लिए साइकिल भेंट कर सम्मानित किया।

समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि खुशी प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुँचती थीं। उनकी इस मेहनत और लगन से प्रभावित होकर मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित कर उन्हें यह साइकिल प्रदान करने का निर्णय लिया। महापौर श्रीमती यादव ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली बेटियों को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे प्रयास निश्चित ही अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनते हैं।

इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत एक हितग्राही को स्वीकृति पत्र भी सौंपा गया। कार्यक्रम में पार्षद एवं जिला मंत्री रोशनी गोलकर, मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्रा, सुनील जैन, प्रियांशु चौरे, शशांक गुप्ता सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

सीधी विधानसभा प्रभारी से हाथापाई के मामले में दो कार्यकर्ता निष्कासित 

Tue Jun 30 , 2026
सीधी।सीधी के जवाहर कांग्रेस भवन में आज कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक के बाद सीधी विधानसभा प्रभारी वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. विनोद शर्मा के साथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट और हाथापाई करने का मामला सामने आया है। यह विवाद सोशल मीडिया पर उनके द्वारा की गई ‘सामंतवादी’ पोस्ट को […]

You May Like