खाखन नदी के तेज बहाव में बह गये दम्पत्ति

सिंगरौली : जिले के अधिकांश भागों में रविवार की अल सुबह हुई घनघोर बारिश ने जन जीवन प्रभावित कर दिया। देवसर-चितरंगी क्षेत्र में इस कदर बारिश हुई कि कई नदी-नाले उफान पर आ गये और आवागमन कई घंटे तक थमा रहा।एनएच 39 सीधी-सिंगरौली के खाखन नदी की पुलिया बह गई और उसमें बाईक सवार दम्पत्ति के भी बहने की खबर है। तिनगुड़ी के कुकरॉव गांव एवं बरगवां के मनिहारी गांव की नदी भी उफान पर है। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब 8 बजे क्षेत्र में हुई घनघोर बारिश से सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर खाखन पुल के ऊपर पानी बहने एवं पुल के ध्वस्त हो जाने से रविवार को आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। अतिवृष्टि के कारण पुल पर जलस्तर बढ़ने एवं पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर बारिश के दौरान खाखन पुल पर पानी बढ़ने की स्थिति ने एक बार फिर सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 की निर्माण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में इस हिस्से में आवागमन प्रभावित होने की समस्या नई नहीं है। इसके बावजूद स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका।
बरगवां-देवसर मार्ग पर आवाजाही से बचने की अपील:-
इधर लगातार बारिश और तेज जलप्रवाह के कारण जियावन थाना क्षेत्र में स्थित खाखन पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल की स्थिति को देखते हुए बरगवां-देवसर होकर सीधी जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने इस मार्ग पर आवागमन नियंत्रित करते हुए वाहन चालकों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। एसपी सियाज केएम के निर्देशन में खाखन पुल सहित आसपास के मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी लगातार यातायात की निगरानी कर रहे हैं और वाहन चालकों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। पुलिस ने लोगों से क्षतिग्रस्त पुल के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की भी अपील की है।
बैढ़न से सीधी जाने वाले बस एवं अन्य वाहनों के लिए बरगवां-बड़ोखर, गिधेर, खड़ौरा, धनहा तिराहा, चितरंगी तिराहा होते हुए सीधी जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है। छोटे वाहन बरगवां-झुरही,पुरानी देवसर, लोहरा, ढोंगा-जियावन डाड मार्ग से जा सकेंगे। भारी वाहनों के लिए मोरवा, बरगवां, चितरंगी,कर्थुआ मार्ग तय किया गया है। सीधी से बैढ़न आने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। छोटे वाहन जियावन डाड, ढोंगा, लोहरा, पुरानी देवसर, झुरही, बरगवां मार्ग का उपयोग कर सकेंगे, जबकि भारी वाहनों के लिए कर्थुआ, चितरंगी, मोरवा-बरगवां मार्ग निर्धारित है। इस दौरान खाखन नदी पर जायजा लेने के लिए देवसर उपखंड अधिकारी सौरभ मिश्रा एवं राजस्व विभाग की टीम, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डॉ. गायत्री तिवारी एवं जियावन थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस बल एवं यात्री सहित ग्रामीण मौजूद।
बाईक के साथ दम्पत्ति के बहने की चर्चा
खाखन नदी उफान पर थी। इसी दौरान देवसर से बरगवां की ओर जा रहे मोटरसाइकिल से पति-पत्नी बह गये। प्रत्यक्षदर्शी सोनी परिवार बताते हैं कि उनके नजरों के सामने यह घटना घटी है। नदी करीब-करीब पार कर लिये थे, थोड़ा से बचा था और इस दौरान तेज पानी के झटके के कारण मोटरसाइकिल के साथ बह गये। नदी में तेज पानी का झटका था। जिसके आगे वहां मौजूद लोग बेवस थे। हालांकि देर शाम तक जियावन थाना में ऐसी कोई सूचना पुलिस तक नही पहुंची है। जियावन पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया में जरूर सुनने को मिल रहा है। परंतु थाने में कोई इतला नही है। इधर सोशल मीडिया में इस बात की चर्चा जोरो से है। इसमें कितनी सच्चाई है और बाईक सवार दम्पत्ति कौन थे, यह भी स्पष्ट नही हो पाया है। मिया-बीबी एवं दो बच्चों का फोटो बाईक के साथ घर की लोग वायरल कर रहे हैं।
13 साल से निर्माणाधीन हाईवे, यातायात ठप
ग्रामीणों के अनुसार एनएच-39 का निर्माण करीब 13 वर्षों से चल रहा है, लेकिन सड़क का काम अभी तक पूरी तरह पूरा नहीं हो पाया है। खाखन में नया पुल भी लंबे समय से निर्माणाधीन है। पुल अधूरा होने के कारण पुराने पुल से ही वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। अतिवृष्टि के दौरान इसी पुल के ऊपर पानी आने एवं क्षतिग्रस्त होने पर यातायात बंद हो गया। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से सड़क और पुल निर्माण के बावजूद यदि बारिश में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद हो जाए तो निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से निर्माण पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिया मरम्मत का कार्य एनएचआई ने शुरू कर दिया है। कल सोमवार से आवागमन शुरू हो सकता है।

Next Post

शिक्षक भर्ती वर्ग 2 और 3 के अभ्यार्थियों का 10 दिन से धरना जारी, पदों में बढोत्तरी की हो रही मांग

Sun Aug 30 , 2026
भोपाल: शिक्षक भर्ती वर्ग 2 और 3 में पदों में बढोत्तरी की मांग को लेकर अभ्यार्थियों का धरना प्रदर्शन पिछले 10 दिनों से जारी है. रविवार को भी नीलम पार्क में सैकड़ो की तादाद में प्रदेशभर के जिलों के अभ्यार्थी भूख हड़ताल पर बैठे रहे. पिछले 5 दिनों से भूख […]

You May Like