जेएसडब्ल्यू समूह झारखंड में तांबा उद्योग में करेगा 2600 करोड़ का निवेश

मुंबई, 27 जनवरी (वार्ता) जेएसडब्ल्यू समूह ने सरकारी स्वामित्व वाली हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) से झारखंड में तांबे की खदानों के दो ब्लॉकों के लिए माइन ऑपरेटर और डेवलपर (एमडीओ) अनुबंध हासिल करके अलौह धातुओं के खनन क्षेत्र में विस्तार करने की घोषणा की है।

कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि इस परियोजना में दो खदानों को चालू करना और एक तांबा सांद्रक संयंत्र की स्थापना करना शामिल है, जिसमें कुल पूंजी निवेश 2,600 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। पूर्ण पैमाने पर रैंप अप पर, खदानों की अयस्क क्षमता 3 एमटीपीए होगी। उम्मीद है कि ये खदानें वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही में आंशिक रूप से चालू हो जाएँगी।

जेएसडब्ल्यू समूह ने एचसीएल की तांबे की खदानों के लिए प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से एमडीओ अनुबंध 20 वर्षों के लिए हासिल किया है और इसे अगले 10 वर्षों के लिए और बढ़ाया जा सकता है। समझौते की शर्तों के तहत, जेएसडब्ल्यू पूंजीगत व्यय और परिचालन प्रबंधन के माध्यम से खदानों के विकास के लिए जिम्मेदार होगा, जिसमें समान क्षमता के कंसंट्रेटर प्लांट की स्थापना भी शामिल है। बदले में, एचसीएल तकनीकी सहायता प्रदान करेगा और उत्पन्न राजस्व का एक प्रतिशत प्राप्त करेगा।

जेएसडब्ल्यू समूह के पार्थ जिंदल ने कहा, “अलौह धातुओं, विशेष रूप से तांबे में प्रवेश करना जेएसडब्ल्यू समूह के लिए एक रणनीतिक कदम है। इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना, निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में तांबे की बढ़ती मांग एक महत्वपूर्ण अवसर प्रस्तुत करती है। भारत वर्तमान में तांबे के सांद्रण का एक प्रमुख आयातक है; इसलिए, घरेलू तांबे के संसाधनों को विकसित करके, हमारा लक्ष्य देश के औद्योगिक विकास का समर्थन करना और आयात पर निर्भरता कम करना है।”

उन्होंने काह कि तांबे के खनन के क्षेत्र में समूह का प्रवेश भारत के औद्योगिक विकास और महत्वपूर्ण संसाधनों में आत्मनिर्भरता में अग्रणी भूमिका निभाने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। घरेलू तांबे के संसाधनों को विकसित करके, समूह का लक्ष्य देश के बुनियादी ढांचे के विकास, तकनीकी उन्नति और स्थायी ऊर्जा समाधानों में बदलाव का समर्थन करना है।

Next Post

एलीट एलीवेटर्स ने पेश कीं नई एक्स300 और एक्स300 प्लस होम लिफ्ट्स

Mon Jan 27 , 2025
गुरुग्राम, 27 जनवरी (वार्ता) प्रीमियम होम लिफ्ट सेगमेंट की कंपनी एलीट एलीवेटर्स ने अपने अत्याधुनिक एक्स300 और एक्स300 प्लस होम लिफ्ट्स लॉन्च की हैं। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि ये नए प्रोडक्ट लक्ज़री, उन्नत तकनीक और सस्टेनेबिलिटी का अनोखा संयोजन हैं, जो आधुनिक होम मोबिलिटी को […]

You May Like