ग्वालियर:बहोड़ापुरा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर से तीन दिन पहले अगवा हुआ डेढ़ साल का बच्चा रोहित उर्फ राहुल पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल खोज निकाला। बालक को एक पड़ोसी महिला उठाकर ले गई थी, जिसे अब हिरासत में लिया गया है।महिला ने पूछताछ में बताया कि उसकी संतान नहीं है, इसलिए उसने यह कदम उठाया।
हालांकि पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं मामला मानव तस्करी से जुड़ा तो नहीं है। महिला की मंशा और पृष्ठभूमि को लेकर और पड़ताल जारी है। एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार सेक्टर एफ ब्लॉक झुग्गी झोपड़ी निवासी मंगल आदिवासी ने शिकायत की थी कि उसका डेढ़ वर्षीय बेटा लापता है। परिजनों ने काफी तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चे की मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए मामले का समय पर पता नहीं चल सका।
पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए थाना प्रभारी आलोक परिहार के नेतृत्व में कई पुलिस टीमें बनाई। तलाश के दौरान सूचना मिली कि एक महिला लापता बच्चे जैसे बालक को लेकर नाग देवता मंदिर के पास देखी गई है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और संदेही महिला को पकड़ लिया। उसके पास से बरामद बच्चे की पहचान रोहित उर्फ राहुल के रूप में हुई। महिला की पहचान दीपिका उर्फ सुनैना पाठक पत्नी मनोज पाठक निवासी लक्ष्मीपुरम बहोडापुर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बच्चा उठाने की बात कबूल की है।
