
पांढुरना, जिला कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर नीरज वशिष्ठ की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं यातायात समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं रखरखाव, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मोही घाट का होगा तकनीकी ऑडिट, बढ़ाए जाएंगे सुरक्षा उपाय 000
बैठक में एनएच-47 (भोपाल-नागपुर मार्ग) स्थित मोही घाट में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने मोही घाट का तकनीकी ऑडिट एवं सुरक्षा जांच कराकर आवश्यक सुधारात्मक उपाय लागू करने के निर्देश दिए। घाट क्षेत्र में बड़े सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने, सड़क पर ‘गो स्लो’ जैसे सुरक्षा संदेश प्रदर्शित करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
मोही घाट के ब्लैकस्पॉट क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खड़े होने वाले यात्री वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
केंद्रीय विद्यालय मार्ग के यातायात व्यवस्था की समीक्षा 000
बैठक में केंद्रीय विद्यालय से परसोड़ी मार्ग पर अंडरपास, पांढुर्णा बायपास (नागपुर रोड) तथा पांढुर्णा बायपास (भोपाल रोड) से संबंधित यातायात एवं सड़क सुरक्षा के विषयों पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
तेज रफ्तार वाहनों पर होगी कार्रवाई000
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रत्येक किलोमीटर पर स्पीड डिटेक्शन सिस्टम लगाने तथा निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए।
आरटीओ को निर्देश 000
आरटीओ को मोही घाट के ब्लैकस्पॉट क्षेत्र में खड़े होने वाले यात्री वाहनों पर कार्रवाई करने के साथ जिले में संचालित स्कूल बसों के फिटनेस, परमिट, लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बस स्टैंड की अव्यस्था पर नाराज हुए कलेक्टर 000
पांढुर्णा बस स्टैंड एवं शहर के प्रमुख मार्गों पर बसों, ऑटो एवं अन्य वाहनों के अनावश्यक रूप से खड़े रहने से यातायात प्रभावित होने की स्थिति पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। निर्धारित स्थान एवं समय के अलावा वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
दोपहर 12 से 3 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश की व्यवस्था की समीक्षा 000
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पांढुर्णा शहर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बड़े एवं भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। स्कूल, कार्यालय एवं बाजार क्षेत्रों में इस दौरान अधिक आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
