अक्टूबर से हैदराबाद के लिए भी एयर बस की सुविधा होगी

जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जबलपुर की घटती एवं सीमित वायु सेवाओं को लेकर इंडिगो एयरलाइन के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में फेडरेशन ने जबलपुर की औद्योगिक, व्यापारिक, पर्यटन एवं निवेश संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए अनेक सुझाव एवं मांगें रखीं।

फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण संभागीय मुख्यालय होने के साथ औद्योगिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है। वर्तमान में जबलपुर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, इंदौर एवं कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों के लिए वायु सेवाएं उपलब्ध हैं, जबकि पूर्व में जबलपुर अहमदाबाद, पुणे एवं चेन्नई से भी जुड़ा हुआ था। फेडरेशन ने मांग की कि जबलपुर से पुणे, जयपुर, अहमदाबाद, चेन्नई एवं पटना के लिए हवाई सेवाएं प्रारंभ की जाएं। बैठक में इंडिगो की ओर से डायरेक्टर सेल्स प्रीतम चक्रवर्ती ने बताया कि इंडिगो की जबलपुर से बेंगलुरु की फ्लाइट को बोइंग विमान सेवा में परिवर्तित किए जाने की योजना है तथा इसे चेन्नई तक कनेक्ट किया जाएगा। इससे जबलपुर से चेन्नई की यात्रा लगभग 5 घंटे में पूरी हो सकेगी। इससे जबलपुर की दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के साथ कनेक्टिविटी मजबूत होने की संभावना है। आगामी 25 अक्टूबर से जबलपुर हैदराबाद के लिए भी एयर बस की सुविधा प्राप्त होगी।

फेडरेशन का मानना है कि इन शहरों के लिए सीधी उड़ानें प्रारंभ होने से उद्योगपतियों, व्यापारियों, पर्यटकों, विद्यार्थियों एवं आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में निवेश, व्यापारिक गतिविधियों एवं अंतरराज्यीय संपर्क को भी गति मिलेगी।

300 से 500 किमी की परिधि वाली उड़ानों का विस्तार –

फेडरेशन ने इंडिगो प्रबंधन को सुझाव दिया कि जबलपुर के आसपास लगभग 300 से 500 किलोमीटर की परिधि में आने वाले शहरों तक संचालित हो रही उपयुक्त उड़ानों को जबलपुर तक बढ़ाया जाए। इससे मौजूदा रूट के विस्तार के माध्यम से जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी को शीघ्र बढ़ाया जा सकेगा।

पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट प्रारंभ हो

फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने बैठक में जबलपुर में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट प्रारंभ करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि देश में तेजी से बढ़ रहे विमानन क्षेत्र के कारण प्रशिक्षित पायलटों एवं अन्य एविएशन प्रोफेशनल्स की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। यदि जबलपुर में पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जाता है, तो इससे मध्यप्रदेश के युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में जबलपुर को पायलट प्रशिक्षण के साथ-साथ अन्य एविएशन स्किल डेवलपमेंट गतिविधियों के केन्द्र के रूप में भी विकसित किया जा सकता है।

क्षेत्रीय विकास एवं निवेश को मिलेगा लाभ

फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि वायु कनेक्टिविटी केवल यात्री सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह उद्योग, व्यापार, निवेश, पर्यटन, शिक्षा एवं रोजगार से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। जबलपुर को अधिक शहरों से जोडऩे से औद्योगिक प्रतिनिधियों एवं निवेशकों की आवाजाही सुगम होगी तथा मध्यप्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में इंडिगो एयरलाइन की ओर से प्रीतम चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा एवं कुंवर रावत उपस्थित रहे। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से अध्यक्ष हिमांशु खरे, संयुक्त अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार पोरवाल, उपाध्यक्ष जयदेव योगेश ताम्रकार, प्रबंध समिति सदस्य अरूण पवार एवं अशोक आनंद उपस्थित थे।

Next Post

रोशनी ऐसी हो संगमरमर चट्टानों की प्राकृतिक सुंदरता दिखाई दे: मंत्री सिंह

Thu Sep 10 , 2026
जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में शरद पूर्णिमा पर भेड़ाघाट में इस वर्ष आयोजित किये जाने वाले नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न हुई। बैठक में महोत्सव के लिए कलाकारों के चयन, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। […]

You May Like