
सीधी । एक घंटे की बारिश ने शहर के बाजार क्षेत्र के पानी निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। गायत्री एवं कुबरे काम्पलेक्स मुख्य मार्ग कुछ समय के लिये तालाब बना गया।
गौरतलब है कि शहर में शुक्रवार दोपहर करीब एक घंटे की तेज बारिश ने नगर पालिका के जल निकासी प्रबंधन की पोल खोलकर रख दी। शहर के व्यस्ततम मार्ग में स्थित गायत्री कॉम्प्लेक्स एवं कुबेर काम्प्लेक्स गोल मार्केट के सामने भारी जलभराव हो गया, जिससे सडक़ तालाब में तब्दील नजर आई। दुकानों के सामने की स्थिति यह थी कि बरामदे में पानी चढऩा शुरू हो गया। गायत्री काम्प्लेक्स के सामने की मुख्य सडक़ में राहगीरों, दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को जल भराव के बीच से होकर गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना था कि हर बारिश में इस मार्ग पर यही स्थिति बन जाती है लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सडक़ पर जमा रहता है जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। गोल मार्केट/कुबेर काम्प्लेक्स अस्पताल चौक से कलेक्ट्रेट पहुंच मार्ग का यह दृश्य महज कुछ मिनट की बारिश के चलते देखने को मिला। यहां विगत एक दशक के ज्यादा समय से दुकानदारों द्वारा उचित जल निकासी की मांग की जा रही है। उसके बावजूद आज दिनांक तक नगर पालिका कार्यालय से महज कुछ ही कदमों की दूरी तक सफाईकर्मी नहीं पहुंच सके, जिसके चलते दुकानदारों को जल भराव की समस्या से रूबरू होना पड़ रहा है। चर्चा के दौरान दुकानदारों ने कहा कि मुख्य मार्ग से दुकान तक पहुंचाने के लिए हमें अब नाव का सहारा लेना पड़ सकता है। व्यापारियों और नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा नालों की समय पर सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष समस्या सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल औपचारिकताएं निभाते हैं। बारिश थमने के बाद भी सडक़ पर पानी भरा रहने से लोगों में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी गई। नागरिकों ने मांग की है कि जलभराव वाले स्थानों का सर्वे कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बरसात के मौसम में आम जनता को बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े।
०००
इनका कहना है
शहर में पानी का भराव ज्यादातर वहीं होता है जहां पनी के निकासी की समुचित व्यवस्था का अभाव है। इसी तरह गोल मार्केट में भी पानी भराव का मुख्य कारण पानी निकासी समुचित व्यवस्था नही है। वहां बनी नाली को सूखा नाला से जोड़ा दिया जाये तो समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।
गौरव सिंह, स्वच्छता प्रभारी नपा सीधी
०००००००००००
