रोशनी ऐसी हो संगमरमर चट्टानों की प्राकृतिक सुंदरता दिखाई दे: मंत्री सिंह

जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में शरद पूर्णिमा पर भेड़ाघाट में इस वर्ष आयोजित किये जाने वाले नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न हुई। बैठक में महोत्सव के लिए कलाकारों के चयन, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक में शरद पूर्णिमा पर 24 एवं 25 अक्टूबर को भेड़ाघाट में आयोजित किये जाने वाले नर्मदा महोत्सव की रूपरेखा पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया। मंत्री सिंह ने कहा कि महोत्सव में भजन, सूफी, शास्त्रीय एवं सेमी-क्लासिकल संगीत को प्राथमिकता दी जाए और कलाकारों को कार्यक्रम की प्रकृति के बारे में पहले से जानकारी दी जाए।लोक निर्माण मंत्री सिंह ने बैठक में भेड़ाघाट की मूल पहचान और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए आयोजन स्थल की विद्युत से साज-सज्जा में केवल सफेद अथवा ऑफ-व्हाइट रंग का उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकाश व्यवस्था इस प्रकार की जाए कि संगमरमर की चट्टानों की प्राकृतिक सुंदरता दिखाई दे।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सिटी बसों, पार्कों, प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं होटलों में प्रचार सामग्री लगाने, महोत्सव के दौरान फूड फेस्टिवल, स्थानीय व्यंजनों तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल करने के सुझाव दिए गए। स्कूली विद्यार्थियों को पेंटिंग, रंगोली एवं अन्य गतिविधियों से जोडऩे पर भी चर्चा हुई।

मंत्री श्री सिंह ने 15 दिन पहले से महोत्सव का प्रचार- प्रसार करने के निर्देश देते हुए महोत्सव में आने वाले आमजनों के लिए शहर से जाने वाली बसों के स्थान तय करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल से कार्यक्रम स्थल तक पर्यटकों और दर्शकों की सुविधा के लिए शटल वाहनों की व्यवस्था भी की जाए।

बैठक में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कार्यक्रम स्थल, धुआंधार, मुख्य द्वार, पार्किंग एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्ग की मरम्मत, गोताखोरों की व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक सुशील तिवारी इंदू,जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, नगर परिषद अध्यक्ष भेड़ाघाट चतुर सिंह लोधी, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार एवं जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजकुमार पटेल, भाजपा युवा मोर्चा ग्रामीण जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

छात्रा से छेड़छाड़, भाई ने साथियों के साथ मिलकर मनचले को सरेराह कूटा

Thu Sep 10 , 2026
जबलपुर। मदनमहल थाना अंतर्गत होमसाइंस कॉलेज के बाहर बुधवार को उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक मनचले की सरेराह जमकर धुनाई कर दी गई। कॉलेज में पढऩे वाली एक छात्रा को यह शोहदा पिछले काफी लंबे समय से परेशान कर रहा था। जैसे ही उसने दोबारा […]

You May Like