
सरदारपुर. नगर के सिविल अस्पताल में मरीजों का इलाज चल रहा था और अस्पताल परिसर के हॉल में डॉक्टर-स्टाफ फेयरवेल पार्टी में ठुमके लगा रहे थे। एक डॉक्टर के तबादले पर आयोजित कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्य
प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में डॉक्टर और कर्मचारी तेज संगीत पर डांस करते नजर आ रहे हैं।जानकारी के अनुसार डॉ. सुनील सोलंकी का सरदारपुर से झाबुआ जिले के झकनावदा तबादला होने पर फेयरवेल पार्टी अस्पताल परिसर के हॉल में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम के दौरान आसपास मरीज भर्ती थे और उनका उपचार चल रहा था। इसके बावजूद तेज संगीत के बीच पार्टी चलती रही। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया।
गंभीर मामला, जांच के बाद होगी कार्रवाई
अस्पताल परिसर में इस तरह का आयोजन हुआ है तो यह गंभीर विषय है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी।
– डॉ. अनीता सिंगारे, सीएमएचओ, धार
