
भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में डहरा रोड स्थित शांति ऑयल मिल में सोमवार तड़के आग लगने से भारी नुकसान हाे गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑयल मिल के जिस क्षेत्र में आग लगी, वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरी ऑयल मिल को अपनी चपेट में ले लिया।
सूत्रों ने बताया कि आग से दो बड़े ऑयल फिल्टर जलकर नष्ट हो गये, वहीं तेल के टैंकों में रखा सैकड़ों लीटर तेल जल गया। मिल में मौजूद कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर दमकल को बुलाया गया। सूत्रों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मिल प्रबंधन के अनुसार घटना में मशीनरी, ऑयल फिल्टर और अन्य सामग्री को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।
