गैस सिलेण्डर सुविधा केन्द्र में ब्लास्ट: 3 बकरी की मौत, दहशत में आये लोग

जीरापुर। जीरापुर के समीप ग्राम गागोरनी में रक्षाबंधन की शाम को घने रहवासी क्षेत्र में गैस सिलेण्डर के सुविधा केंद्र में मौजूद गैस सिलेंडर में एकाएक ब्लास्ट से दहशत का वातावरण निर्मित हो गया. ब्लॉस्ट के साथ आगजनी की भयावह घटना हुई जिसमें तीन बकरी की झुलस जाने से मौत हो गई. सौभाग्यवश कोई बड़ी अनहोनी होने से बच गई.

जानकारी के अनुसार जीरापुर से करीब 10 किमी दूर ग्राम गागोरनी में शनिवार की देर शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव के बीच घनी आबादी वाले क्षेत्र बस स्टेण्ड के यहां मौजूद गैस सिलेण्डर के सुविधा केन्द्र में धमाके के साथ ब्लॉस्ट होकर आग की लपटे उठने लगी. यह नजारा देख लोग कांप उठे. आगजनी में समीप मौजूद तीन बकरी की आग में झुलस जाने से मौत हो गई.

जोर के धमाके से दहला गांव

गैस गोदाम से आग सुलगते ही लोग दहशत में आ गये. इसी बीच जोर का धमाका हुआ. यह देख लोग सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ पड़े. चहुंऔर अफरा-तफरी का वातावरण निर्मित हो गया.

आबादी क्षेत्र में सुविधा केन्द्र

ग्राम गागोरनी के बस स्टैंड पर कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु सुविधा केंद्र बनाया गया है. यहां रखे एलपीजी गैस के 6 सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गागोरनी निवासी प्रेम सिंह पिता बालचंद लववंशी के द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बनाए गए केंद्र पर देखते ही देखते शाम 4 बजे के आसपास आग सुलग उठी और यहां रखे 6 सिलेंडर में ब्लास्ट हो गए. यह सुविधा केन्द्र घनी आबादी वाले क्षेत्र में होने से अफरा-तफरी मच गई.

विधायक पहुंचे मौके पर

जैसे ही घटना की जानकारी लगी क्षेत्रीय विधायक हजारीलाल दांगी एवं थाना प्रभारी रवि ठाकुर तुरंत मौके पर पहुंचे. जहां उन्होंने घटना की जानकारी ली. फिलहाल आग लगने की घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.

भीड़भाड़ के बीच हुई घटना

रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर बाजार में तथा घटनास्थल के आसपास खासी भीड़भाड़ रही. ब्लॉस्ट के साथ आगजनी से अफरा-तफरी मच गई. आसपास दुकानों से सामान की खरीददारी कर रहे लोग दहशत में आ गये. आसपास मौजूद घरों से लोग दौड़ पड़े. आसपास के नगरीय निकायों से फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने में जुट गये. जीरापुर एवं अन्य नगर से फायर ब्रिगेड पहुंची. हालांकि घटना में कोई जनहानि की जानकारी नहीं है.

Next Post

पानी में डूबे पुल को पार कर श्रद्वालु पहुंचे बढ़ौरा शिव मंदिर 

Sat Aug 9 , 2025
सीधी। जिले के प्रशिद्व बढ़ौरा शिव मंदिर तक जाने वाली बेहड़ा नदी पर बने पुल पर शनिवार को पानी बहने लगा है। रक्षाबंधन के दिन इस पुल से होकर सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। पुल पर घुटनों तक पानी बहने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर इसे पार […]

You May Like