
सीधी। जिले के प्रशिद्व बढ़ौरा शिव मंदिर तक जाने वाली बेहड़ा नदी पर बने पुल पर शनिवार को पानी बहने लगा है। रक्षाबंधन के दिन इस पुल से होकर सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। पुल पर घुटनों तक पानी बहने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर इसे पार कर रहे हैं। सुबह से ही बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग श्रद्धालु पानी में संघर्ष करते हुए मंदिर की ओर जा रहे हैं। अचानक नदी में पानी का स्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थानीय निवासी ज्ञानेंद्र गोस्वामी ने बताया कि अगर बारिश दो घंटे और होती है तो पास की दुकानों में भी पानी भर सकता है।
बरसात के दिनों में अक्सर पानी मंदिर के मुहाने तक पहुंच जाता है। इससे लोगों को भारी परेशानी होती है। हाल ही में आई बाढ़ में कई दुकानें टूटकर बिखर गई थीं। थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा ने कहा कि उन्हें इस स्थिति की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेंगे। लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश देंगे ताकि कोई दुर्घटना न हो।बावजूद पानी के तेज बहाव को श्रद्वालु नजरअंदाज कर रहे हैं।प्रशासन की ओर से मौके पर व्यवस्था बनाने को लेकर लापरवाही नजर आई। बरसात और नदी के उफान के बीच श्रद्धालुओं की यह जोखिम भरी यात्रा प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है। अगर हालात पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो रक्षाबंधन के अवसर पर किसी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
