इंदौर। इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम बुधवार देर रात घोषित कर दिए गए. कड़े और रोचक मुकाबले के बाद अध्यक्ष पद पर मनीष यादव ने जीत दर्ज की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गौरव श्रीवास्तव को 20 मतों से हराया. उपाध्यक्ष, सचिव और सह सचिव पदों पर भी नई टीम चुनी गई, जबकि एक्जीक्यूटिव मेंबर के पांच पदों पर अलग-अलग प्रत्याशी निर्वाचित हुए.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज द्विवेदी और मीडिया प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि मतदान शाम 6 बजे तक हुआ, इसके बाद 7 बजे से मतगणना शुरू की गई, जो रात करीब 1 बजे तक चली. कुल 2632 मतदाताओं में से 1914 अधिवक्ताओं ने मतदान किया. अध्यक्ष पद का मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. शुरुआती राउंड में गौरव श्रीवास्तव ने बढ़त बनाई, लेकिन चौथे-पांचवें राउंड के बाद मुकाबला कांटे का हो गया. 17वें राउंड के बाद मनीष यादव निर्णायक बढ़त लेते चले गए और 20वें राउंड तक बढ़त बनाए रखते हुए जीत हासिल की. वहीं उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक तुगनावत की जीत शुरू से ही लगभग तय मानी जा रही थी. उन्होंने भारी मतों के अंतर से प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया. जबकि सचिव पद पर मतगणना के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन अंत में मनीष गडकर ने बाजी मारी. सह सचिव पद पर अमित राज ने रिकॉर्ड मतों के साथ बड़ी जीत दर्ज की.
एक्जीक्यूटिव मेंबर के रूप में राहुल पांचाल, तेजस जैन, अमन मालवीय, राशमेंद्र सूर्यवंशी और अर्निक जैन निर्वाचित हुए. परिणाम घोषित होते ही बार परिसर में समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी. नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याएं, सुविधाएं और हाईकोर्ट परिसर से जुड़े मुद्दे उनकी प्राथमिकता रहेंगे.
मतों का लेखा-जोखा
अध्यक्ष पद
मनीष यादव – 512 (विजयी)
गौरव श्रीवास्तव – 492
जीपी सिंह – 406
मनीष जैन – 282
पवन जोशी – 95
उपाध्यक्ष पद
अभिषेक तुगनावत – 858 (विजयी)
अपूर्वा शुक्ला – 311
धर्मेंद्र साहू – 232
मधुसूदन यादव – 216
भावना साहू – 162
सचिव पद
मनीष गडकर – 652 (विजयी)
गोविंद राय – 582
निलेश मनोरे – 533
सह सचिव पद
अमित राज – 1027 (विजयी)
ज्ञानेंद्र शर्मा – 739
